तमसा नदी में मिला लापता वृद्धा का शव
आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कजराकोल गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह तमसा नदी में एक संजाफी (66) का उतराया हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संजाफी फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मौना गांव की निवासी थीं। वह दुर्बासा धाम पर स्नान करने के लिए गई थीं। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान नदी तट पर महिला का चश्मा और चप्पल मिला था।
इसके बाद से परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से परेशान थे। बृहस्पतिवार की सुबह कजराकोल गांव के पास नदी में महिला का उतराया हुआ शव मिला। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मृतका के तीन पुत्र हैं।
अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा चालक को कुचला, मौके पर मौत
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुडी बाजार में बुधवार देर रात एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान शहर के मोहल्ला मुकेरीगंज निवासी 28 वर्षीय सलीम के रूप में हुई है। सलीम ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की रात वह सठियांव से ई-रिक्शा चलाकर अपने घर मुकेरीगंज वापस जा रहा था। जमुडी बाजार पहुंचने पर उसने अपना ई-रिक्शा रोका। वह बाजार से कुछ सामान लेने के लिए सड़क पार कर दुकान पर जा रहा था।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। सलीम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए जांच शुरू की। मृतक के मोबाइल नंबर से उसके परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। सलीम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह एक पुत्र और एक पुत्री का पिता था। उसकी आकस्मिक मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चन्द चौधरी ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।