मैरिज लॉन से चुराए गए 12 लाख रुपये के गहने के साथ तीन गिरफ्तार - सर्विलांस और सीसी फुटेज की मदद से मध्य प्रदेश के गिरोह के तीन आरोपी पकड़े गए
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। लालपुर स्थित एक मैरिज लॉन में शादी के दौरान गहनों से भरा ट्रॉली बैग चुराने वाले मध्य प्रदेश के गिरोह के तीन आरोपियों को लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के गुलखेड़ी गांव के जैकी सिंह व कालू सिंह और कड़िया गांव के कालू सिंह के रूप में हुई है। तीनों के पास से लगभग 12 लाख रुपये के गहने और जेवर बरामद हुए हैं।
ओम नगर कॉलोनी फेज-2, सोयेपुर निवासी संजय कुमार ने बीते 10 दिसंबर को लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि बेलवा बाबा मंदिर के समीप स्थित निष्ठा लॉन में नौ दिसंबर की रात उनकी बेटी की शादी थी। शादी के दौरान ही गहनों और कीमती सामान से भरा ट्रॉली बैग चोरी हो गया था।
विज्ञापन
डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने शुक्रवार को बताया कि घटना के खुलासे के लिए लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष विवेक कुमार पाठक के नेतृत्व में दरोगा अभिजीत सिंह की टीम गठित की गई। लॉन में लगे सीसी कैमरों की फुटेज से तीनों आरोपियों की फोटो मिली। सर्विलांस की मदद से तीनों के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें पुलिस टीम ने गोइठहां स्थित रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष और उनकी टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अलग-अलग शहरों में घूमते रहते हैं। मैरिज लॉन वगैरह में भीड़भाड़ वाला कोई भी मांगलिक कार्यक्रम होता है तो तीनों घुस जाते हैं। खाना खाने के दौरान तीनों टोह लेते हैं कि कीमती सामान से भरा बैग वगैरह कहां और कैसे रखा है। भीड़भाड़ के बीच ही मौका पाकर तीनों कीमती सामान चुरा कर भाग जाते हैं। नौ दिसंबर की रात तीनों निष्ठा लाॅन से ट्रॉली बैग चुरा कर भागे। कुछ दूर जाकर गहने निकाल कर ट्राॅली बैग और कपड़ों को झाड़ियों में फेंक कर चले गए थे। समाचार पत्रों में चोरी की घटना छपी तो तीनों पकड़े जाने के डर से छिप कर रह रहे थे और मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए थे। दो हफ्ते बाद तीनों मोबाइल ऑन किए और गहने बेचने निकले थे, लेकिन पकड़े गए।