चीनी मांझे के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने अभियान चलाकर शुक्रवार को चेतगंज और दालमंडी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चौक पुलिस ने दालमंडी से 22 किलो चीनी मांझे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं चेतगंज पुलिस ने हबीबपुरा स्थित जनरल स्टोर की दुकान पर छापा मारकर चीनी मांझे के साथ दो युवकों को पकड़ा।
चौक इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा को सूचना मिली कि दालमंडी स्थित एक होटल के पास भारी मात्रा में चीनी मांझा गोदाम में रखा गया है। पुलिस ने छापा मारकर आरोपी सरकार हुसैन को गिरफ्तार किया। कब्जे से लगभग 22 किलो चीनी मांझे बरामद हुए। आरोपी राजघाट का रहने वाला है।
उधर, चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक परमहंस गुप्ता को सूचना मिली कि हबीबपुरा स्थित कुछ जनरल स्टोरों पर प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री हो रही है। टीम ने छापा मारा तो प्रदीप जायसवाल और अंकित यादव के कब्जे से पांच आंटे चीनी मांझे बरामद हुए। उधर, अन्य दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि जानलेवा मांझे की बिक्री करते हुए कोई पकड़ा गया तो जेल भेजा जाएगा।