फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: बच्चे को जन्म देकर छोड़ गई थी मां, डॉक्टर ने 50 हजार में बेच दिया; तीन आरोपी गिरफ्तार

Sat, 24 Aug 2024 11:35 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी एयरपोर्ट पर मिले दुधमुंहे बच्चे के मामले में फूलपुर थाने की पुलिस ने महिला, डॉक्टर और युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी डॉक्टर ने 50 हजार रुपये में बच्चे को बेचा था। 
विज्ञापन
UP police - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर से बरामद बच्चा एक नाबालिग का था। नाबालिग उसे चंदौली के निजी अस्पताल में छोड़ कर चली गई थी। इसका फायदा उठाकर डॉक्टर ने बच्चे को 50 हजार रुपये में बेच दिया। अब बाबतपुर चौकी इंचार्ज सत्यजीत सिंह की तहरीर पर फूलपुर थाने की पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक डॉ. जमील खान, बच्चा खरीदने वाली निधि सिंह और अशोक पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही डॉक्टर सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब नाबालिग मां की तलाश में जुटी है। फिलहाल, बच्चे को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया। डॉ. खान के हॉस्पिटल की एक शाखा रामनगर स्थित साहित्य नाका मोड़ पर भी है।

विज्ञापन


सूजाबाद पड़ाव वाराणसी की रहने वाली निधि सिंह और मिर्जापुर के टेटुआ नारायणपुर के अशोक पटेल को गुरुवार की शाम लगभग सवा छह बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से पकड़ा गया था। दोनों के पास एक नवजात बच्चा था। दोनों को अकासा एयरलाइंस के विमान से बंगलूरू जाना था। एयरलाइंस के कर्मचारी काउंटर पर जांच कर रहे थे। निधि जल्दबाजी में दिखाई दे रही थी।

बच्चे के बारे में पूछने पर निधि ने बताया कि पांच दिन पहले ही बच्चे का जन्म हुआ है। अब उसे लेकर बंगलूरू जा रही है। एयरलाइंस कर्मियों को प्रतीत हुआ कि बच्चा निधि का नहीं है। इसके साथ ही वह बच्चे को बॉटल से दूध पिला रही थी।

विज्ञापन

शंका के आधार पर ही एयरलाइंस कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी तो निधि और अशोक को फूलपुर थाने ले जाया गया। तलाशी में उसके पास से एक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मिला, जिसमें बच्चे का नाम रुद्रांश सिंह और जन्मतिथि 17 अगस्त 2024 लिखी थी। बच्चे की मां का नाम वंदना पटेल और पिता का नाम राजेंद्र प्रसाद पटेल लिखा था।

निधि से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि चंदौली के मुगलसराय थाना क्षेत्र के दुलहीपुर पहिल बाजार स्थित केबी हॉस्पिटल के डॉ जमील खान से वह 50 हजार रुपये में बच्चा खरीदी थी। बच्चे को अपनी नि:संतान देवरानी को देने के लिए वह बंगलूरू जा रही थी।
विज्ञापन

18 अगस्त को बच्चे को जन्म देकर मां छोड़ दी थी

निधि से पूछताछ के बाद पुलिस ने देर रात डॉ. जमील खान को पकड़ा। डॉ. खान ने पुलिस को बताया कि निधि उससे काफी समय से एक बच्चा मांग रही थी। गत 18 अगस्त को उसके हॉस्पिटल में एक नाबालिग ने बच्चे को जन्म दिया था। उसके परिजनों ने कहा कि बच्चा किसी को भी दे दें। बच्चे के परिजनों का सहमति का प्रमाण पत्र उसके पास है। इस पर उसने निधि को रामनगर स्थित अपने हॉस्पिटल बुलाकर 50 हजार रुपये में बच्चा दे दिया।

फूलपुर थाने की पुलिस अब चंदौली और वाराणसी के सीएमओ को पत्र भेज कर डॉ. खान के हॉस्पिटल के लाइसेंस को निरस्त कराने की तैयारी में है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि डॉ. खान पहले भी तो ऐसा नहीं कर चुका है और इसमें किसी अन्य की संलिप्तता भी तो नहीं है।

अधिकारी बोले
महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। बच्चे को चाइल्ड लाइन को सौंपा गया है। जांच में यदि किसी अन्य की भी संलिप्तता उजागर होगी तो कार्रवाई की जाएगी। -मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी, गोमती जोन 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें