विदेश यात्रा पर जाने वालों के लिए राहत भरी खबर है। ऐसे लोगों को 90 दिन यानी तीन महीने में ही एहतियाती डोज लगाई जाएगी। अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर इसके लिए अलग से काउंटर बनवाया गया है। खास बात यह है कि विदेश यात्रा के लिए वीजा, एयर टिकट और यात्रा पर जाने का कारण बताना होगा। इसकी पुष्टि के बाद वह एहतियाती डोज लगवा सकते हैं।
कोरोना की तीसरी लहर अभी चल रही है। कई देशों में बढ़ते संक्रमण को देख विदेश यात्रा पर आने वालों के लिए एहतियाती डोज अनिवार्य कर दी गई है। हालांकि, अभी दूसरी डोज लगने के नौ माह बाद एहतियाती डोज लगाने की व्यवस्था है। ऐसे में विदेश जाने वालों को समस्या होती थी। अब स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा पर जाने वालों को थोड़ी राहत दी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने जिलाधिकारी, सीएमओ को नई गाइडलाइन भेज दी है। साथ ही इसका अनुपालन करने को कहा गया है। नई गाइडलाइन में कहा गया है कि शैक्षिक उद्देश्य, रोजगार एवं व्यवसाय, ओलंपिक खेल, महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेने के उद्देश्य से अगर किसी को विदेश यात्रा पर जाना है तो उसे दूसरी डोज के 90 दिन के बाद एहतियाती डोज लगाई जाएगी। इसके लिए कोविन पोर्टल पर वीजा, एयर टिकट, विदेश यात्रा पर जाने संबंधी कोई दस्तावेज भी अपलोड करने की जरूरत नहीं है।
विदेश यात्रा पर जाने वालों के लिए नई गाइडलाइन के आधार पर टीकाकरण केंद्रों पर एहतियाती डोज लगवाई जाएगी। केंद्रों से जुड़े प्रभारियों को जानकारी दी जाएगी। ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। - डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ