वाराणसी जिले में इस साल अब तक 121 दिन में 110 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। यह वह आंकड़ा है जो कमिश्नरेट की पुलिस के पास दर्ज है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जिले में जनवरी के 31 दिनों में सड़क हादसों में 23 लोगों की जान गई। फरवरी के 29 दिन में 27 लोग मारे गए। मार्च के 31 दिनों में जान गंवाने वालों की संख्या 27 रही। वहीं, एक से 30 अप्रैल तक 33 लोगों की जान गई।
नेशनल हाईवे पर 7 ब्लैक स्पॉट, स्टेट हाईवे पर 2
जिले में सड़क हादसों के लिए चिह्नित ब्लैक स्पॉट 10 हैं। सात ब्लैक स्पॉट नेशनल हाईवे पर हैं। दो ब्लैक स्पॉट स्टेट हाईवे और एक रामनगर थाना क्षेत्र में है। नेशनल हाईवे पर मोहनसराय, राजातालाब ब्रिज, कछवा रोड, मेहदीगंज, विश्व सुंदरी पुल से टेंगरा मोड़ तक, भेल गेट के सामने और तरना फ्लाईओवर ब्लैक स्पॉट है। स्टेट हाईवे पर मंडुवाडीह चौराहा और कपसेठी स्थित सर्वाेदय इंटर कॉलेज के सामने ब्लैक स्पॉट है। वहीं, रामनगर थाना क्षेत्र में पीएसी तिराहा मोड़ ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित है।
अनधिकृत कट, तेज रफ्तार और शराब हैं वजह
ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम के अनुसार सड़क हादसों की वजह अनधिकृत कट, तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने के साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी है। नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर अनधिकृत कट बंद कर दिए गए हैं। मगर, तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
हाईवे पर खड़े वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान
नेशनल और स्टेट हाईवे पर अकारण खड़े होकर दुर्घटना का कारण बनने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि यातायात पुलिस पहले भी ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करती रही है। चंदौली-प्रयागराज, वाराणसी-जौनपुर, वाराणसी-गाजीपुर और वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की चार टीमें जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगी।