खेत में फेंका मिला कपड़ों से भरा अटैची और बक्सा
- फोटो : अमर उजाला
मिर्जामुराद क्षेत्र के खालिसपुर गांव में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर में छत के सहारे घुस कर नकदी समेत लाखों के गहने चुरा ले गए। गुरुवार की सुबह घर से लगभग एक किलोमीटर दूर (मिर्जामुराद) हरिरामपुर गांव के ताल में चोरी का बक्सा और अटैची, बैग फेंका हुआ मिला।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कल्लू राम यादव का मकान खालिसपुर गांव में है, बुधवार की देर रात रोज की तरह परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए। देर रात चोरों ने घर में घुस कर कमरे का ताला तोड़ कर उसमें रखा बक्सा और अटैची का ताला तोड़ दिया। उसमें रखा 10 हजार नकदी सहित लाखों का जेवरात जिसमें सोने का तीन मंगल सूत्र, एक मांगटीका, एक नथिया और एक चांदी का पैजनी व मीना उठा ले गए।
उधर, एक किलोमीटर दूर बिसैता ताल में सुनसान जगह देख कर चोरों ने कपड़ों से भरा बैग, अटैची व टूटा बॉक्स फेंक दिया। गुरुवार की सुबह इस घटना की जानकारी उस समय कल्लू राम यादव के बेटा विनीत यादव को हुई, जब सुबह शौच के लिए जा जा रहा था। देखा कि रूम का ताला टूटा हुआ है।
इसे भी पढ़ें; Sonbhadra News: शादी समारोह से लौट रहे थे दो दोस्त, रास्ते में मौत कर रही इंतजार; हादसे ने ली एक की जान
घटना के बारे में जैसे ही कल्लू राम व उनकी पत्नी शकुंतला देवी को हुई वह रोने- बिलखने लगे और इसकी सूचना मिर्जामुराद पुलिस को दी। सूचना के घंटों बाद पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वॉड को बुला कर मौका मुआयना कराया। जिस ताल से सामान देखा गया वहीं एक काला गमछा पुलिस ने बरामद किया।
कल्लू राम ने बताया कि एक महीने पूर्व 5 मई को उनकी बेटी की शादी सम्पन्न हुई थी। परिजनों ने कहा शादी का गहना समेत अज्ञात चोर नकदी भी उठा ले गए। इधर, इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम जांच पड़ताल में जुटी हुई है।