श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में ड्यूटी करने वाले अब जूट का जूता पहनकर ड्यूटी करेंगे। बढ़ती हुई ठंड को देखते हुए मंदिर परिसर में ड्यूटी करने वालों को रविवार को जूतों का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर मंदिर में यह पहल की गई।
प्रधानमंत्री को पता चला था कि ठंड में सीआरपीएफ जवान, पुलिस, अर्चक, सेवादार और सफाईकर्मी नंगे पांव ड्यूटी करते हैं। पीएम मोदी के निर्देश के बाद दिल्ली से जूट के सौ जूते सभी कर्मचारियाें के लिए भेजे गए। रविवार को मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने मंदिर में कार्य कर रहे शास्त्री, पुजारी, सीआरपीएफ जवान, पुलिसकर्मी, सेवादार और सफाई कर्मियों को वितरित किया। मंडलायुक्त ने बताया कि अभी और भी जूट के जूते आएंगे और ड्यूटी करने वालों को वितरित किया जाएगा।
मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इसके साथ ही रविवार से मंदिर में थर्मल स्कैनिंग और हैंड सैनिटाइजेशन के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया गया।