वाराणसी। अपना दल में वर्चस्व को लेकर मां-बेटी में चल रही जंग ने नया मोड़ ले लिया है। सहभागिता संकल्प रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने अपनी सांसद बेटी अनुप्रिया पटेल को आस्तीन का सांप कहा और कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि वे किसी भी बहकावे में न आएं। पार्टी अध्यक्ष ने आरक्षण के बहाने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधा।
कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज में छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर रविवार को आयोजित ‘सहभागिता संकल्प रैली’ में कृष्णा पटेल ने कहा कि लोक सेवा आयोग में गरीबों, पिछड़ों को आगे बढ़ाने के लिए त्रिस्तरीय आरक्षण व्यवस्था के मसले को सपा सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया। बसपा भी इस मुद्दे पर खामोश है। आरक्षण व्यवस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी में किसी तरह के विवाद की अफवाहों पर ध्यान न देते हुए पंचायत चुनाव में जुटने की अपील की। पटेल ने दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का नामकरण छत्रपति शाहूजी महाराज के नाम पर करने की मांग प्रधानमंत्री से की। साथ ही कृषि को उद्योग का दर्जा देने, राष्ट्रीय कृषि आयोग बनाने की भी मांग की।
रैली में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए पहल करने की जरूरत है। आज भी तमाम लोग बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं। उन्होंने रैली में गरीबों, पिछड़ों, दलितों और मुस्लिमों के आरक्षण के मुद्दे और अधिकार की आवाज उठाकर उनके वोट बैंक पर भी निशाना साधा। प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा किए। प्रतापगढ़ के सांसद हरिवंश सिंह पटेल ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज और अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के बताए रास्ते पर चलकर समाज का
विकास किया जा सकता है। संबोधन से पहले नेताओं ने शाहूजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इससे पहले गाजे-बाजे के साथ बैनर और झंडा लेकर काफी संख्या में कार्यकर्ता रैली स्थल पर पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश पटेल ने की। संचालन जमाल वारसी ने किया। इस मौके पर प्रेमचंद मौर्य, डॉ. कैलाश नाथ पटेल, प्रो. गंगाराम यादव, शीला विश्वकर्मा, प्रो. आरडी सिंह पटेल, महेंद्र मौर्य, पुष्पा कनौजिया, सुनील सिंह, गगन यादव उपस्थित थे।