भाजपा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 133वीं जयंती को लोकतंत्र रक्षा दिवस के रूप में मनाया। रविवार को गुलाब बाग कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में आपात काल के दौरान मीसा कानून (मेंटेनेंस आफ इंटर्नल सिक्योरिटी एक्ट) के तहत बंदी 33 लोगों को पार्टी ने अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक श्यामदेव रायचौधरी ‘दादा’ ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी थे।
दादा ने कहा कि जिस दौर में देश इंदिरा गांधी की तानाशाही का दंश झेल रहा था, उस समय जेपी लोकतंत्र के प्रहरी बनकर उभरे। संपूर्ण क्रांति के माध्यम से उन्होंने इंदिरा गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मशाल जलाई। उनके इस आंदोलन को भारतीय जनसंघ का पूरा सहयोग प्राप्त था।
इसी का नतीजा था कि सन 77 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हराने में सफलता मिली। देश आपातकाल से मुक्त हो सका। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप अग्रहरि, संचालन सुधीर मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन महेश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में महापौर रामगोपाल मोहले, विधायक रवींद्र जायसवाल, राकेश त्रिवेदी, शिवनाथ यादव, संदीप अग्रवाल, आत्माविशेश्वर, विनोद गुप्ता, सुभाष गुप्ता, चंद्रशेखर उपाध्याय, जेपी सिंह, साधना वेदांती, निर्मला पटेल एवं संजय भारद्वाज आदि मौजूद थे।