महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भोजन की खराब गुणवत्ता पर आचार्य नरेंद्रदेव छात्रावास के छात्र गुरुवार को भड़क उठे। छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन करते हुए आवाजाही ठप कर दी। छात्रों की शिकायत थी कि सूर्यग्रहण के नाम पर देर से खाना तैयार हुआ। देर से तैयार होने के बाद इसकी मात्रा भी कम रही जिससे कि थोड़ी देर से आने वाले छात्रों को खाना नहीं मिल सका। इसके चलते छात्रों ने प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय कार्यालय पर धरना देने वाले छात्रों का कहना था कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी। बावजूद इसके कोई सुधार नहीं हुआ है। सब्जी और रोटी की गुणवत्ता सबसे खराब है। जली हुई रोटियां छात्रों को दी जा रही है। हंगामे की सूचना पर चीफ प्राक्टर प्रो. चतुर्भुजनाथ तिवारी और चीफ वार्डेन प्रो. सूर्यभान वहां पहुंचे।
उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं हुए। चीफ प्राक्टर ने समझाया कि समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी जिससे समय से गुणवत्ता भोजन मिल सके। इसके बाद वह छात्रों के साथ नरेंद्रदेव छात्रावास पहुंचे और मेस संचालक से बात की। प्रदर्शन करने वालों में सोनू सिंह, अभिषेक राय, अभिषेक मिश्रा, विजय कुमार मौजूद थे।