वर्ष 2006 के वाराणसी बम विस्फोटों पर फिल्म बना रहे चर्चित निर्देशक आर्यमान केशु ने इस फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया है। '2006 वाराणसी- द अनटोल्ड' फिल्म में दिवंगत अभिनेता ओमपुरी, राहुल देव, भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रविकिशन, मुकुल देव और अभिनेत्री राइमा सेन नजर आएंगी।
बता दें कि सात मार्च 2006 को वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन और संकट मोचन हनुमान मंदिर में हुए विस्फोट में कई लोग हताहत हो गए थे।
बताया जा रहा है कि ओम पुरी के असमय निधन के कारण फिल्मकार और अभिनेता तिगमांशु धूलिया ने ओम पुरी के दृश्यों को अपनी आवाज दी है।
ओम पुरी ने फिल्म में अपनी शूटिंग पूरी कर ली थी लेकिन वो डबिंग नहीं कर पाए थे। इस फिल्म में राइमा सेन एक आतंकवादी बनी हैं। फिल्म के निर्देशक आर्यमान केशू और निर्माता मीरा मारवाह हैं। फिल्म 2006 वाराणसी- द अनटोल्ड मई में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।