धधकती चिताओं के साथ जल उठे दीप से दीप
- फोटो : संवाद
महाश्मशान पर चिता के साथ जले दीप
देव दीपावली पर काशी के घाट जहां दीयों की रोशनी से जगमगा रहे थे, वहीं काशी के श्मशान भी इससे अछूते नहीं थे। अपने आराध्य बाबा विश्वनाथ के विजय उत्सव का जश्न महाश्मशान पर रहने वालों ने भी मनाया। एक तरफ चिता धधक रही थी तो वहीं दूसरी ओर दीप टिमटिमा रहे थे। सोमवार को मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर गोधूली बेला के साथ ही दीप जल उठे। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर बाबा मशान नाथ के मंदिर में देव दीपावली पर दीप जलाए गए।
बीएचयू परिसर के विश्वनाथ मंदिर परिसर में देव दीपावली पर सजे दीप
- फोटो : संवाद
बीएचयू विश्वनाथ मंदिर में जले दीये, भजनों के बीच हुई महाआरती
बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर में सोमवार को दीपोत्सव मनाया गया। मंदिर परिसर से लेकर बाहर गेट तक 5100 दीये जलाए गए। प्रभु के गुणगान के बीच महाआरती भी की गई। इसमें छात्रों सहित अन्य लोगों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की।
सेवाज्ञ संस्थानम की ओर आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी सुबह से ही चल रही थी। मंदिर में प्रवेश द्वार पर आकर्षक रंगोली बनाई गई। शाम होने पर दीप जलाए गए। मंदिर में दर्शन पूजन कर जीवन में सुख समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान प्रो. विनय कुमार पांडेय, अनिल कुमार त्रिपाठी, प्रो. शरदेंदू त्रिपाठी, संतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।