केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने मंगलवार को चौबेपुर स्थित एसओएस हरमन माइनर स्कूल में पौधरोपण करने के साथ ही राष्ट्रव्यापी ‘स्कूल पौधशाला योजना’ का शुभारंभ किया। उन्होंने समारोह में मौजूद स्कूली बच्चों को पौधे भी बांटे। जावडेकर ने पौधों की नर्सरी तैयार करने और तैयार पौधों को खाली जगहों पर रोपने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे स्वच्छ भारत अभियान से जुड़कर काशी को प्लास्टिक के कचरे से मुक्त कराने में सहयोग दें। उन्होंने ‘क्लीन इंडिया-ग्रीन इंडिया’ का नया नारा भी दिया।
इसके पूर्व कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने स्कूल पौधशाला योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने इकोलाजिकल बैलेंस के लिए स्कूल पौधशाला योजना के तहत तैयार की जाने वाली नर्सरी में स्थानीय पौधों को प्राथमिकता देने की बात कही। पौधरोपण कार्यक्रम में एडीजी जलवायु एवं पर्यावरण अनिल कुमार, मुख्य वन संरक्षक इलाहाबाद जीएन मूर्ति, वन संरक्षक वाराणसी अशोक दीक्षित ने भी विचार व्यक्ति किए। संचालन शैलेंद्र श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन एसओएस हरमन माइनर स्कूल के प्रधानाचार्य पॉल पीवी ने किया।
अटल जी की कविता पर खूब बजीं तालियां
स्कूल के छात्र निशांत कुमार ने पूर्व पीएम अटल विहारी बाजपेयी की कविता ‘आज सिंधु में ज्वार उठा है’ सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। वीर रस से ओतप्रोत इस कविता को निशांत ने जिस जोशीले अंदाज में सुनाया, उसकी मंच से पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने जमकर प्रशंसा की। जावडेकर ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपने के साथ ही वहां की नर्सरी भी देखी और बच्चों को छायादार और फलदार पौधे भी वितरित किए।