जौनपुर के सिकरारा के उतिराई गांव स्थित इंटर कॉलेज के प्रबंधक सभापति दुबे की हत्या उनके नौकर ने ही की थी। वह प्रबंधकीय विवाद में शामिल लोगों को फंसाना चाहता था। एक दिन में ही घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक नौकर बुजुर्ग प्रबंधक के अर्द्धनग्न होकर मालिश कराने से नाराज था।
पुलिस ऑफिस में एसपी अशोक कुमार ने बताया कि निजामुद्दीनपुर गांव निवासी और इंटर कॉलेज उतिराई के प्रबंधक सभापति दुबे की शादी नहीं हुई थी। वह पैर से दिव्यांग थे। वह कॉलेज के पास स्थित आवास पर रहते थे। वहां उनका नौकर चंद्रप्रकाश पांडेय, निवासी नंदलालपुर, रामपुर उनकी देखभाल करता था।
आम दिनों में चंद्रप्रकाश आवास परिसर में ही सोता था, लेकिन घटना के दिन उसने मकान की छत पर बिस्तर लगाने की बात बताई थी। आवास की चाबी भी उसी के पास रहती थी। संदेह के आधार पर जब उससे सख्ती की गई तो उसने सच उगल दिया।
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
चंद्रप्रकाश ने पुलिस को बताया कि सभापति दुबे रोज अर्द्धनग्न होकर उससे मालिश करवाते थे। इससे आजिज आकर वह काम छोड़कर जाना चाहता था, लेकिन जब वह दो महीने का बकाया पैसा मांगता तो कहते थे कि कोई दूसरा लड़का आएगा, तभी उसे छोड़ेंगे और हिसाब चुकता करेंगे। ऐेसा करते काफी दिन बीत गए थे।
इससे तंग आकर उसने रात में सोते समय डंडे से सिर पर प्रहार कर सभापति दुबे की हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने प्रबंधक की अटैची से गायब 70 हजार रुपये, मोबाइल फोन, विद्यालय के कागजात और हत्या में प्रयुक्त डंडा अरुआवा बड़ेरी रोड पर किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के निकट झाड़ी से बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि प्रबंधक की हत्या के बाद नौकर प्रबंधकीय विवाद में शामिल लोगों को फंसाना चाहता था। लेकिन, सफल नहीं हो सका।