बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा अभेद होगी। बुधवार को एयरपोर्ट पर एयरोड्रोम कमेटी की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सुरक्षा संबंधी बिंदुओं का खाका खींचा। एयरपोर्ट पर एपीडी (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया), इंडियन एयर फोर्स, एनएसजी, सीआईएसएफ, इमिग्रेशन डिपार्टमेंट, आईबी के अधिकारियों व सभी एयरवेज के प्रतिनिधियों के साथ हुईबैठक में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया। साथ ही माकड्रिल भी की गई।
एयरपोर्ट पर हाइजैकिंग की परिस्थितियों में कम समय में यात्रियों को सुरक्षित मुक्त कराने के जरूरी उपायों की एनएसजी ग्रुप कमांडर कर्नल लोकेश कुमार ने जानकारी दी। सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, हाइजैकर्स से निगोसियेशन के लिए साइकोलाजिस्ट व फोर्स के मोर्चेबंदी करने, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की भूमिका और वैकल्पिक व्यवस्था के रुप में आसपास के उपलब्ध हेलीपैड को चिह्नित किये जाने आदि उपाय सुझाए।
एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल ने एयरपोर्ट के चारों ओर की सुरक्षा व एनएच 56 रनवे के करीब होने से परिसर की सुरक्षा पर चिंता जताई। साथ ही जानवरों, पक्षियों से परिसर को सुरक्षित रखने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि जल्द ही हवाई अड्डे का सुरक्षात्मक उपाय तय किए जाएंगे। इसके अलावा परिसर के चारों ओर पेट्रोलिंग व निगरानी के लिए पक्का मार्ग भी देखा जाएगा। बैठक मे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा, सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय, सीआईएसफ सीनियर कमांडेंट अजय कुमार और एनएसजी के अधिकारी मौजूद रहे।