बीएचयू के नवनियुक्त कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन शनिवार को विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में पहुंचे। छात्र-छात्राओं से सुविधाओं की जानकारी ली। महिला महाविद्यालय में प्राचार्य से बातचीत कर कक्षा संचालन, छात्राओं की संख्या पर चर्चा की। दोपहर बाद अधिकारियों के साथ कमच्छा स्थित सेंट्रल हिंदू ब्वॉयज स्कूल पहुंचे। बच्चों को आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
आईआईटी गांधीनगर के निदेशक प्रो. सुधीर कुमार जैन को 13 नवंबर को कुलपति नियुक्त किया गया था। वह 28 दिन बाद 11 नवंबर को विश्वविद्यालय पहुंचे। शनिवार सुबह परिसर में बाबा का दर्शन, पूजन किया। इसके बाद महिला महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. इनू मेहता ने महाविद्यालय की विकास यात्रा, शिक्षकों, छात्राओं की उपलब्धियों के बारे में कुलपति को विस्तार से बताया। यहां से निकलकर सरदार वल्लभ भाई पटेल छात्रावास और जेसी बोस हॉस्टल जाकर छात्रों से बातचीत की। फिर सीएचएस पहुंचकर प्रो. जैन ने विद्यालय में बनी तैलंग लाइब्रेरी, काशी नरेश के हॉल को देखने के बाद महामना पंडित मदन मोहन मालवीय, एनी बेसेंट की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। परिसर में हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन किया।
एलडी गेस्ट हाउस में संकाय प्रमुखों से की बात
नवनियुक्त कुलपति प्रो. सुधीर जैन ने शनिवार दोपहर एलडी गेस्ट हाउस में संकाय प्रमुखों और संस्थानों के निदेशकों के साथ मुलाकात की। सभी से परिचय प्राप्त करने के साथ ही संक्षिप्त जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी वीसी प्रो. वीके शुक्ला, रजिस्ट्रार डॉ. नीरज त्रिपाठी, वित्त अधिकारी अभय ठाकुर मौजूद रहे।
नहीं ग्रहण किया कार्यभार
प्रो. जैन के 28वें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण करने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। शुक्रवार को ही विश्वविद्यालय आने के बाद चर्चा इस बात की अधिक रही कि वह शनिवार को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे, लेकिन देर शाम तक सेंट्रल ऑफिस में कार्यभार ग्रहण नहीं किया। उनके कार्यभार को लेकर सभी को इंतजार है।