काशी में श्रीगुरु मंदिर नागपुर (महाराष्ट्र) की ओर से पांच दिवसीय भव्य अमृत महोत्सव का सोमवार को आगाज हो गया। महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में पूजा और सत्संग से इसकी शुरुआत हुई।
शाम को गंगा दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने महाआरती में हिस्सा लिया। गुरु मंदिर के सदगुरु दास महाराज ने कर्तव्य पथ पर बढ़ते हुए समाज में मानवता और प्रेम की अलख जगाने का संदेश दिया। मुख्य समारोह 18 फरवरी को होगा।
महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में संत सदगुरु दास महाराज की मौजूदगी में अमृत महोत्सव की शुरुआत सत्संग से हुई। इस दौरान पं.गणेश्वर शास्त्री पालंदे ने काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा के बारे में श्रद्धालुओं को जानकारी दी। श्रीगुरु मंदिर से जुड़े अनिरुद्ध ने बताया कि शृंगेरी मठ परिसर में 19 फरवरी तक पांच दिन महारुद्र पाठ एवं हवन कराया जाएगा।
दिन के 11 से दोपहर 2 बजे तक अनुष्ठान होंगे। इसमें नागपुर से वेदशास्त्र के 30 पुरोहितों का दल यज्ञ पूरा कराएगा। शाम सात बजे से रात नौ बजे तक अलग -अलग कार्यक्रम किए जाएंगे। इसमें 16 फरवरी को हिंदी कवि सम्मेलन, 17 फरवरी को भजन संध्या एवं 18 फरवरी को सदगुरु दास महाराज के जन्मदिन पर काशी के नौ विद्वानों को सम्मानित किया जाएगा।
इस महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए महाराष्ट्र के विदर्भ, मुंबई, पुणे, नासिक, नांदेण, एमपी के भिलाई समेत मस्कत और ओमान से भी बड़ी तादाद में श्रद्धालु काशी पहुंचे हैं।