इसमें दीक्षांत समारोह पर महामना के व्यक्तित्व एवं कृत्रित्व के साथ-साथ काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। यही नहीं प्रधानमंत्री बीएचयू की भविष्य की योजनाओं से भी अवगत होंगे। इसके लिए एंफीथिएटर मैदान में झांकी भी तैयार की जाएगी।
सोमवार को कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी की अध्यक्षता में शताब्दी वर्ष दीक्षांत समारोह के मद्देनजर केंद्रीय कार्यालय में हुई बैठक में ये निर्णय लिए गए। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष पर आयोजित इस दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीक्षांत भाषण देंगे। चूंकि ये विश्वविद्यालय के लिए खास मौका है इसलिए इसकी तैयारियां भी व्यापक रूप से की जाएं।
इस समारोह में न सिर्फ उपाधि धारक बल्कि स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को भी उपस्थित रहने का अवसर दिया जाएगा। यही नहीं बीएचयू के सेंट्रल हिंदू गर्ल्स व ब्वायज स्कूल के साथ श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय के ग्यारहवीं व बारहवीं के विद्यार्थी भी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में तय किया गया समारोह स्थल पर बीएचयू की उपलब्धियों के साथ भावी योजनाएं जैसे भारत अध्ययन केंद्र, जलवायु परिवर्तन केंद्र, सौर ऊर्जा पार्क की झांकियां होंगी। इसके लिए अलग से एक कमेटी का गठन कर दिया गया है। पंडाल में दस एलईडी टीवी भी लगाई जा रही है। बैठक में कुलसचिव डॉ. केपी उपाध्याय, वित्ताधिकारी अभय कुमार ठाकुर सहित संस्थानों के निदेशक व संकाय प्रमुख सहित दीक्षांत समारोह आयोजन समिति संयोजक मौजूद रहे।