कपसेठी थाना क्षेत्र के युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि मृतक रंजीत के दोस्त ने उसकी हत्या गर्दन दबाकर की। जानकारी के अनुसार आरोपी के फोन पर मृतक की पत्नी का फोन आने पर जब उसने आपत्ति जताई तब आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गर्दन दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोप को गिरफ्तार कर लिया है।
दांदूपुर निवासी रंजीत गौड़ (35) की हत्या उसके गांव के दिनेश कुमार कश्यप ने गर्दन दबाकर की थी। यह खुलासा कपसेठी थाने की पुलिस ने शनिवार को दिनेश को गिरफ्तार करने के बाद किया। पुलिस के अनुसार, दिनेश के मोबाइल फोन पर रंजीत की पत्नी संगीता की बार-बार कॉल आ रही थी।
विज्ञापन
रंजीत ने इसे लेकर आपत्ति जताई तो दिनेश ने कहा कि संगीता का उससे करीबी संबंध है। दोनों के बीच हाथापाई शुरू हुई और उसी दौरान दिनेश ने रंजीत की गर्दन अपने घुटने से दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मौके से भाग गया।
कपसेठी थाना क्षेत्र के दांदूपुर गांव निवासी रंजीत गौड़ का शव 19 मई को उसके घर के पीछे पोखरी में मिला था। रंजीत के पिता शारदा ने पुलिस को बताया था कि 18 मई की रात उनका बेटा घर के पीछे पोखरी के पास अपने साथी संतोष, संजू, रमेश प्रधान और दिनेश के साथ शराब पी रहा था।
विज्ञापन
उसके अगले दिन उसी पोखरी में उसका शव मिला। घटना के दो दिन बाद भी मुकदमा नहीं दर्ज किया गया तो परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि कपसेठी थानाध्यक्ष ने मामले की जांच की।
जांच में सामने आया कि शराब पीने के बाद संतोष, संजू और रमेश प्रधान चले गए थे। पोखरी के पास सिर्फ रंजीत और दिनेश बचे थे। दिनेश के मोबाइल पर रंजीत की पत्नी संगीता का लगातार फोन आ रहा था। दिनेश और रंजीत की पत्नी की लगातार बातचीत की पुष्टि दोनों के मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से भी हुई है।