वरुणा की बाढ़ में किराये का कमरा डूब जाने के कारण सब्जी बेचकर पेट पालने वाले एक परिवार ने सारनाथ क्षेत्र में एक शख्स के बगीचे में ठौर ली थी। सोमवार को आश्रयदाता का बेटा ही इस परिवार की 14 साल की किशोरी की अस्मत लूट ली। किशोरी के भाई की तहरीर पर सारनाथ पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
चंदौली जिले का मूल निवासी एक परिवार सारनाथ क्षेत्र के पंचक्रोशी मार्ग पर किराये का कमरा लेकर रहता था। बीते दिनों जब वरुणा में बाढ़ आई तो इस परिवार ने घर से थोड़ी दूर स्थित नंदू सोनकर के बगीचे में शरण ले ली थी। पानी कम होने पर सोमवार को सब्जी बेचने वाले परिवार के सभी लोग अपने किराये के कमरे की सफाई करने चले गए। इस दौरान उनकी 14 वर्ष की बेटी को अकेली देख नंदू सोनकर के बेटे राजेंद्र सोनकर ने उसके साथ दुराचार किया। परिवार के लोग जब लौटे तो किशोरी ने उनसे आपबीती बताई। इसके बाद परिवार के सदस्य सारनाथ थाने पहुंचे और तहरीर दी।