राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दो मई को होने वाली मतगणना के लिए गाइडलाइन भेज दी है। इसकी तैयारियों को लेकर आज शाम राइफल क्लब में सभी अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। वाराणसी में 8 ब्लाकों पर होने वाली मतगणना के लिए बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता सीडीओ मधुसूदन हुल्गी करेंगे।
गाइड लाइन में कहा गया कि मतगणना स्थल पर उपलब्ध कमरों की संख्या, गणना के लिए टेबल की संख्या, मतगणना एजेंटों को बैठने की व्यवस्था, आरक्षित मतगणना कर्मियों की बैठने की व्यवस्था कराएं। एक न्याय पंचायत में 15 से अधिक मतदान स्थलों की सूचना भेजें । मतगणना स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध करें । मतगणना स्थल पर मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस उपलब्ध हो। पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि मतगणना में परिणाम आने के साथ आयोग को तत्काल सूचित किया जाएगा। साथ ही रिटर्निंग ऑफिसर जीते हुए प्रत्याशी को प्रमाण पत्र देंगे।