न्नपूर्णा ग्रैंड्योर अपार्टमेंट में गुरुवार रात लगी थी आग
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के सिगरा स्थित अन्नपूर्णा ग्रैंड्योर अपार्टमेंट में गुरुवार रात आग लगने के कारणों की जांच के लिए जिलाधिकारी की ओर से गठित चार सदस्यीय टीम की प्राथमिक जांच में बिल्डर की लापरवाही सामने आ रही है। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संजय कुमार के नेतृत्व में जांच समिति ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण फ्लैट निवासियों व चश्मदीद व्यक्तियों से पूछताछ की।
समिति की सूचना के बाद भी अपार्टमेंट के बिल्डर उमा देवी ढनढनीया व प्रभात कुमार ढनढनीया वहां उपस्थित नहीं हुए। समिति की जांच में यह बात सामने आई कि बिल्डर ने अपार्टमेंट के फ्लैट बेचने के बाद बगल में निर्माण कार्य करने के लिए आने जाने वाले रास्ते पर निर्माण सामग्री रखकर बंद कर दिया है।
आग लगने का कारण शार्ट सर्किट या पूजा के लिए जलाए गया दीपक
यही कारण है कि बचाव कार्य के दौरान अग्निशमन वाहनों को बहुत दिक्कत हुई। पंप के संचालन के लिए बिल्डर की ओर से प्रशिक्षित कर्मी नहीं रखने के कारण बचाव कार्य के लिए पानी बहुत देरी से मिला। बिल्डर उमा देवी ढनढनीया व प्रभात कुमार ढनढनीया आग लगने के बाद फ्लैट निवासियों की सूचना के बाद घटना स्थल पर नहीं आए और शुक्रवार को जांच समिति को भी अपेक्षित सहयोग नहीं किया। जांच समिति की प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट या पूजा के लिए जलाए गए दीपक को माना गया है।
करीब 50 लोगों को रेस्क्यू किया गया
अन्नपूर्णा ग्रैंडयोर बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी थी भीषण आग।
- फोटो : amar ujala
समिति के सदस्यों ने बताया कि आग लगने की जानकारी रात 8:58 बजे प्राप्त हुई, इसके बाद अग्निशमन विभाग व प्रशासन की टीम ने 12:30 बजे पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की कोई जनहानि नही हुई। इसमें करीब 50 लोगों को रेस्क्यू किया गया और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म के मदद से लगभग 15 व्यक्तियों को 11 तल से रेस्क्यू किया गया।
अपर जिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा। घटना के दोषी व्यक्तियों तथा अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच आख्या जिलाधिकारी को आगामी दो दिन के अंदर सौप दी जाएगी।
गुरुवार की रात आग की घटना के बाद जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि/रा), मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिमेष सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त, चेतगंज संतोष मीणा तथा संयुक्त सचिव वीडीए परमानंद यादव की जांच टीम गठित की है।