पितृपक्ष में तर्पण को काशी आने वाले तीर्थ यात्रियों और टूरिस्ट बसों पर से 15 दिन के लिए प्रतिबंध हटाया गया है। रात 10 बजे से सुबह 8 बजे के बीच प्रतिबंध मुक्त होगा। एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि प्रवेश के दौरान प्राइवेट बस, टूरिस्ट बस लहरतारा से कैंट ओवरब्रिज से लकड़ी मंडी से गोलगड्डा चौराहा, कज्जाकपुरा, भदऊचुंगी होते हुए भैंसासुर घाट तक जाएगी। चालक बसों को डाबर रोड पर नहीं खड़ा करेंगे। निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही बसें खड़ी होंगी।
बता दें कि शहर में जाम की समस्या को देखते हुए बसों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। इस कारण बसें शहरी सीमा में नहीं आती हैं। अब तीर्थयात्रियों की बसों से प्रतिबंध हटा लिया गया है। पितृपक्ष पितरों को तर्पण और पिंडदान करने का महत्वपूर्ण समय होता है, और काशी जैसे धार्मिक स्थलों पर इस दौरान बड़ी संख्या में लोग आते हैं।