वाराणसी। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से ट्रेड फैसिलिटी सेंटर बड़ालालपुर को विकल्प के तौर पर अस्थायी कोविड अस्पताल बनाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा हेरिटेज हॉस्पिटल में बेड बढ़ाने के साथ ही रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (कौड़िया अस्पताल) को भी कोविड हास्पिटल बनाया जा रहा है।
कोरोना के मरीजों की संख्या इतनी तेजी से बढ़ रही है कि 16 दिन में ही नए 15758 मरीज मिल चुके हैं। इस समय 13114 सक्रिय मरीज हैं।
एक आंकड़े के मुताबिक जिले में एक से डेढ़ हजार लोग अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं जबकि 12000 से अधिक लोग होम आइसोलेशन में हैं। इधर हर दिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पतालों में बेड बढ़ाए जाने को लेकर माथापच्ची चल रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बड़ालालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटी सेंटर को विकल्प के तौर पर अस्थायी अस्पताल बनाया जा रहा है। यहां 800 से 1000 मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था है।
रामकृष्ण मिशन बना कोविड-19 अस्पताल
लक्सा स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम को भी 50 बेड का कोविड हास्पिटल बनाया गया है। शुक्रवार को इसका फैसला हो गया और इसके बाद डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है। उधर प्रभारी सीएमओ डॉक्टर एनपी सिंह ने बताया कि हेरिटेज हॉस्पिटल में पहले से चल रहे 200 के बाद वहां 100 बेड और बढ़ाया जा रहा है।
बैंक्विट हाल, खाली मैदानों की बन रही सूची
जिले में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब बैंक्विट हॉल, खाली पड़े मैदान, स्कूल कॉलेजों को अस्थायी हॉस्पिटल बनाए जाने के फैसले के बाद ऐसे सभी स्थानों की सूची तैयार कराई जा रही है। आने वाले दिनों में यहां मरीजों को भर्ती करने संबंधी व्यवस्थाएं भी शुरू की जा सकती हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।