ठंड से बचने के लिए लोगों ने लिया आग का सहारा
- फोटो : amar ujala
पहाड़ों पर बर्फबारी का असर अब दिखने लगा है। यही वजह है कि तापमान में गिरावट आती जा रही है। शनिवार को जहां अधिकतम 22.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री रहा वहीं रविवार को इसमें एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
रविवार को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिसंबर महीने की बात करें तो रविवार (30 दिसंबर) सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो तापमान में अभी और गिरावट आ सकती है।
पिछले एक महीने से तापमान में गिरावट जारी है। दिन में भले ही अच्छी धूप रहती है मगर रात को तापमान तेजी से गिरकर छह डिग्री के आसपास आ जाता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फ पड़ रही है और मैदानों का तापमान भी कम हो रहा है।
रविवार को अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री था। शाम को कोहरा तो नहीं पड़ रहा है लेकिन ठंड की वजह से अन्य दिनों की तुलना में आवागमन कम हुआ है। उधर, शहर के अधिकांश स्कूलों में शीतावकाश होने की वजह से बच्चों को राहत है।
मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि रविवार को शाम के समय आसमान में बादल भी रहे इस वजह से एक दो दिन धूप कम रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।