कुलपति प्रो. राकेश भटनागर
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में एसोसिएट प्रोफेसर की नियुक्ति प्रक्रिया में हाईस्कूल और इंटर में 55 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को एक बार फिर कुलपति प्रोफेसर राकेश भटनागर से मुलाकात कर इसे समाप्त करने की मांग रखी। प्रोफ़ेसर महेश प्रसाद अहिरवार के नेतृत्व में मिलने गए शिक्षकों ने कुलपति से यूजीसी 2018 की नियमावली को ध्यान में रखते हुए ही नियुक्ति की मांग की है।
प्रोफेसर अहिरवार ने बताया कि एसोसिएट प्रोफेसर की नियुक्ति में हाईस्कूल और इंटर में अंकों की अनिवार्यता को खत्म करने की मांग पिछले दिनों भी की गई थी,जिस पर ठोस कार्रवाई न होने से शनिवार को फिर कुलपति से बातचीत की गई।
बताया कि कुलपति ने मांगों पर तुरंत फैसला लेते हुए यूजीसी 2018 नियमावली के तहत ही नियुक्ति प्रक्रिया का आश्वासन दिया है। साथ ही इसके लिए अधीनस्थ अधिकारियों को भी निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इस प्रकरण में कुलपति के सकारात्मक रुख के बावजूद भी कुछ लोग यूजीसी के नियमों की अवहेलना कर कुलपति को गुमराह करने में लगे हैं। कुलपति से मिलने वालों में प्रोफेसर जेबी कोमरैया, प्रोफ़ेसर बृजेश अस्थावल, डॉ शांति लाल सालवी सहित कई लोग मौजूद रहे।