टैक्स चोरी कर जा रहा लाखों का गेहूं पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पशु आहार फैक्ट्री में वाणिज्य कर विभाग की एसआइबी टीम की जांच में 40 लाख की टैक्स चोरी पकड़ी गई। खली और पैकिंग मैटेरियल्स में टैक्स चोरी पकड़े जाने पर व्यापारी से बुधवार को 10 लाख का जुर्माना जमा कराया गया।
वाणिज्य कर के ज्वाइंट कमिश्नर एसआइबी के नेतृत्व में 18 सदस्यीय टीम ने मंगलवार की रात तक एएमआर मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्रीज के स्टॉक व बिक्री रजिस्टर, कंप्यूटर और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर गड़बड़ी पकड़ी। कोरोना काल के दौरान आईटीसी की आड़ में टैक्स चोरी की गई।
लंबी टैक्स चोरी की सूचना पर वाणिज्य कर विभाग के विशेष अनुसंधान शाखा एसआइबी के ज्वाइंट कमिश्नर दीनानाथ के नेतृत्व में ज्वाइंट कमिश्नर व डिप्टी कमिश्नर सहित 18 सदस्यीय टीम ने रामनगर स्थित पशु आहार फैक्ट्री एएमआर मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्रीज में मंगलवार को छापा मारा था और देर रात तक दस्तावेजों कोे खंगाला।
एसआइबी अपर आयुक्त जोन वन ग्रेड-2 मिथिलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि अधिकारियों ने पाया कि कोरोना काल के दौरान कंपनी ने पशु आहार में उपयोग होने वाली खली और पैकिंग मैटेरियल्स में टैक्स चोरी की। हालांकि ज्यादा गड़बड़ी नहीं होने पर मौके पर ही कंपनी से 10 लाख रुपये जुर्माने के तौर पर जमा कराया गया।
साथ ही चोरी किए गए टैक्स 40 लाख रुपये को भी जल्द जमा कराने के लिए कागजी कार्रवाई की गई। टीम में ज्वाइंट कमिश्नर दीनानाथ, अनिल कुमार, डिप्टी कमिश्नर मनोज कुमार, डिप्टी कमिश्नर जेपी मौर्य, डिप्टी कमिश्नर मदन लाल आदि शामिल रहे।