होली पर घरों में गुझिया, मिठाई, नमकीन के साथ ही तेल, मसाले वाले पकवान भी में बनते हैं। त्योहार की खुशियों के बीच सेहत के प्रति सतर्कता बरतने की भी जरूरत है। ऐसा इसलिए कि जरा सी लापरवाही आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है।
बाजार में इस समय मिलावटी सामान खूब बिक रहे हैं। बचाव के लिए शुद्ध और संतुलित आहार लें तो ठीक होगा। चिकित्सकों के अनुसार, मौसम बदल रहा है। इस मौसम में तेल और मसाले वाले भोजन से परहेज करना चाहिए। अधिक तेल, मसाले वाला खाना खाने से पेट संबंधी समस्या होने की संभावना अधिक रहती है। डायबिटिक और हृदय रोग से ग्रसित लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। ऐसे लोगों की सेहत पर परिवार के लोगों को अधिक निगरानी करने की जरूरत है।
संतुलित भोजन, पानी भी है जरूर
स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल ऑफिसर डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि अब गर्मी शुरू होने लगी है। ऐसे में संतुलित भोजन के साथ ही शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए। ठंड में तो अमूमन लोग कम पानी पीते हैं, लेकिन गर्मी में प्यास अधिक लगती है। ऐसे में पानी पीते रहना चाहिए।
घर में बने पकवान खाएं
होली पर लोगों को बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए। जितना हो सके, होली के पकवान भी घर में ही बनाएं। राजकीय आयुर्वेद कॉलेज चौकाघाट के काय चिकित्सा विभाग के डॉ. अजय कुमार के अनुसार, पकवानों में तेल, मसाला अधिक न हो। आमतौर पर होली, दीवाली के बाद पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या ओपीडी में बढ़ने लगती है।
यह बरतें सावधानी
अधिक समय तक पानी में भीगने से बचें
तेल मसाले वाले भोजन से परहेज करना चाहिए
मौसमी फलों का सेवन करना चाहिए
बच्चों के खानपान का भी ख्याल रखना होगा