उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों और कोरोना योद्धाओं का सम्मान समारोह रविवार को पराड़कर भवन में मनाया गया। इस मौके पर प्रदेश संरक्षक ने पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र प्रदान किया।
संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों सहित 80 कोरोना योद्धाओं को सम्मान प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि एडीएम मिर्जापुर अमरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि आपदा काल में जब अपनों से लोग किनारा कर रहे थे ऐसे समय में मदद करने वाले देवदूत की तरह थे। विशिष्ट अतिथि संयुक्त विकास आयुक्त आजमगढ़ मंडल पीएन वर्मा ने कहा कि कोरोना काल में मदद करने वालों ने मानवता की मिसाल पेश की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ, प्रदेश महामंत्री शैलेष चंद्र वर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित सोनी ने संयुक्त रूप से कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में निरंजन सोनी, गणेश सोनी, अनुज गौतम, निलेश वर्मा, राजू वर्मा, शिव सेठ, सतीश वर्मा, अमित सेठ, भुवन नारायण सिंह, विकास वर्मा आदि मौजूद रहे।