Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश से हड़कंप मच गया। पूछताछ करने पर संदिग्ध व्यक्ति ने पीएम को अपना बेटा बताया। उसके परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध की कोशिश का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात एक बजे एक संदिग्ध व्यक्ति एयरपोर्ट की चहारदीवारी फांदकर ऑपरेशनल एरिया में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने उसे तत्काल पकड़ लिया। संदिग्ध व्यक्ति असामान्य बातें करने लगा।
विज्ञापन
पूछताछ के दौरान उसने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे बेटे हैं। जिससे उसकी मानसिक स्थिति को लेकर संदेह और गहरा गया। पकड़ा गया व्यक्ति महेशपुर लहरतारा क्षेत्र का निवासी अंशु पांडेय है। परिजनों के अनुसार, वह मानसिक रूप से कमजोर है। पांडेयपुर मानसिक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान वह भटक गया था, जिसके बाद परिजन कई दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही फूलपुर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें बुलाया। प्रारंभिक जांच में उसके पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस अंशु से कई बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है।