बारिश के साथ ही डेंगू, वायरल फीवर का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को सिकरौल, बड़ी पियरी, बंगाली टोला में चार संदिग्ध मरीज मिले हैं। इसके अलावा सर्वे के दौरान एक घर में डेंगू का लार्वा मिलने पर उसे नोटिस भी जारी की गई। जिले में अब तक जहां डेंगू के 120 पुष्ट मरीज मिले हैं, वहीं संदिग्ध मरीजों की संख्या भी बढ़कर 1470 हो गई है।
जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि इस समय सरकारी, निजी अस्पतालों में डेंगू, वायरल फीवर के 106 मरीजों का इलाज चल रहा है। सबसे अधिक बीएचयू में 23, मंडलीय अस्पताल में 7, रामनगर में तीन मरीज भर्ती है। इसके अलावा निजी असपतालों में भी मरीज हैं। जो चार संदिग्ध मरीज मिले हैं, उसमें तीन की उम्र 30 साल के नीचे हैं जबकि एक 50 वर्षीय मरीज मिला है।
केंद्रों पर 9439 लोगों का हुआ टीकाकरण
जिले में बारिश के बाद भी बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक 9439 लोगों का टीकाकरण हुआ। इसमें 5278 को पहली और 4161 को दूसरी डोज लगाई गई। उधर, बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली 3493 सैंपल की रिपोर्ट में कोई कोरोना मरीज नहीं मिला। इसके अलावा कोई मरीज स्वस्थ नहीं हुआ। अब कुल 82394 में 81615 डिस्चार्ज, 773 की मौत के बाद अब छह एक्टिव मरीज हैं।