मुंबई हवाई अड्डे से आजमगढ़ निवासी आईएसआई के संदिग्ध आतंकी अबू जैद की गिरफ्तारी की सूचना उसके पैतृक गांव गंभीरपुर थाना क्षेत्र के छाऊ में रह रहे परिवार के सदस्यों और गांववालों को हुई तो सियापा छा गया।
सोमवार को भी गांव में खामोशी छाई रही। अबू जैद के घर पर नाते, रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा रहा। एटीएस के बुलाने पर उसके पिता अलाउद्दीन गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ लखनऊ गए हुए हैं। घर पर मौजूद उसके बड़े पिता इम्तेयाज अहमद ने कहा कि पाकिस्तानों से दोस्ती उसे मंहगी पड़ गई।
इम्तेयाज अहमद ने बताया कि सउदी अरब में अबू जैद टेलीफोन का केबल बिछाने वाली कंपनी में काम करता था। उसके साथ काम करने वाले ज्यादातर पाकिस्तान के रहने वाले दोस्त हैं।
अबू जैद उन्हीं लोगों के साथ रहता था। इम्तेयाज अहमद ने बताया कि यूपी एटीएस ने अबू जैद को मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया। एटीएस के अधिकारियों का आरोप है कि अबू जैद अपनी मोबाइल से इंटरनेट के सोशल साइटों पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट किया करता था।
वह भारत में मुस्लिमों की स्थिति को मजबूत बनाने के लिए कोई बड़ा धमाका करने के लिए चंदा इकट्ठा करवा रहा था। अबू जैद के बड़े पिता इम्तेयाज ने बताया कि अबू जैद के पाकिस्तानी दोस्तों ने उसके मोबाइल का इस्तेमाल किया।
जो उसके गले की हड्डी बन गई। वो किसी गलत कार्य में संलिप्त नहीं रह सकता। घर की माली हालत को देख इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। ये भी कहा की उन्हें उम्मीद है कि अबु जैद बेकसूर साबित होगा।