महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए शुक्रवार को छात्रसंघ के प्रत्याशी फिर से धरने पर बैठ गए। चुनाव की तारीख जल्द से जल्द घोषित करने के लिए शुरू हुए धरने की सूचना पर पहुंचे प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र नहीं माने।
शुक्रवार को प्रत्याशियों संग छात्र प्रशासनिक भवन के सामने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग करने लगे। छात्रों का धरना समाप्त करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने काफी प्रयास किया लेकिन छात्र देर शाम तक धरने पर बैठे रहे। छात्रों ने आरोप लगाया कि कुलानुशासक प्रो. निरंजन सहाय, सुरक्षा अधिकारी सुभाष मिश्र छात्रों पर धरना समाप्त करने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अगर हमने धरना समाप्त नहीं किया तो छात्रों पर मुकदमा करके जेल भेज देंगे। विश्वविद्यालय के इस रवैये से हम सभी छात्रों ने अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय लिया है। धरना प्रदर्शन के दौरान शशि प्रकाश चंद्रन, शिवजनक गुप्ता, अभिषेक सोनकर, कलीमुद्दीन, जंगबहादुर, नीरज, विनोद यादव, प्रियेशु यादव, प्रभु पटेल, गणेश राय, संजय यादव, रविंद्र पटेल, मोदनवाल, शुभम, दीपक, सोनाली पटेल मौजूद रहे।