बीएचयू को पूरी क्षमता के साथ खोले जाने और ऑफलाइन कक्षाओं के चलाने के लिए छात्रों ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के सिंह द्वार पर धरना दिया। इस दौरान छात्रों की प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों से नोकझोंक भी हुई।
छात्रों ने बताया कि जब काशी में बड़ी बड़ी जनसभाएं हो रही हैं, बाजार से लेकर मॉल, शराब की दुकानें, सिनेमाघर और प्राथमिक से लेकर महाविद्यालय तक खुल रहे हैं। ऐसे में बीएचयू को भी पूरी क्षमता से खोले जाने, यहां कक्षाएं चलाए जाने की जरूरत है। चेतावनी दी कि जब तक बीएचयू प्रशासन की ओर से मांगें नहीं मान ली जाती हैं तब तक विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा। इस दौरान योगेश कुमार, विष्णु मिश्रा, राहुल कुमार, अभिनव पांडे, अमन सिंह, विक्की जायसवाल, पीयूष सिंह, सुमित और शुभम आदि छात्र मौजूद थे।
भत्ते में बढ़ोतरी के लिए दूसरे दिन भी धरना
बीएचयू पुस्तकालय विज्ञान विभाग में अध्ययनरत छात्रों की ओर से भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर केंद्रीय कार्यालय पर मंगलवार को भी धरना जारी रहा। छात्रों ने बताया कि जनवरी 2014 से 5000 रुपये महीना ही दिया जा रहा है। कम से कम 11 हजार रुपये भत्ता प्रतिमाह मिलना चाहिए। मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान सुधांशु सोनी, गिरीश तिवारी, जयेश सिंह, ट्विंकल सिंह, अमित लाल, निधि, संध्या, नेहा, भव्या, शिवांगी आदि मौजूद रहे।