वाराणसी में सोमवार को महात्मा गाधी काशी विद्यापीठ में एमएसडब्लू के छात्र विरोध प्रर्दशन करते ।
- फोटो : samvad
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सोमवार को समाज कार्य संकाय में एमएस डब्ल्यू के विद्यार्थियों ने मौखिकी परीक्षा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर नाराजगी जताई। विरोध में विभाग के गेट पर ताला जड़ दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
विवि समाज कार्य विभाग के पास प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बताया कि एमएसडब्ल्यू चौथे सेमेस्टर की मौखिकी परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्रों को कम नंबर मिला है। जबकि उनकी परीक्षा बहुत अच्छी हुई थी। इस दौरान काशी विद्यापीठ छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री रितिक सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पिछले दिनों इंटरनल एक्जाम में 20-20 नंबर देने की बात कही थी लेकिन छात्रों को केवल 12 से 15 नंबर ही दिए गए हैं। कई विद्यार्थी ऐसे हैं कि अगर एक-दो नंबर मिल जाए तो उनका अंक बढ़ने से ग्रेड में भी सुधार आ जाएगा। रितिक सिंह ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर में भी कई छात्रों को फेल किया गया है जबकि कुछ को बिना किसी कारण अनुपस्थित दिखाया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने बातचीत कर किसी तरह समझाया। इधर छात्रों ने जल्द मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।