आईएमएस बीएचयू में नेशनल मेडिकोज आर्गनाइजेशन(एनएमओ) की ओर से आयोजित नूतन छात्र अभिनंदन समारोह में नवप्रवेशित मेडिकल छात्रों का अभिनंदन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता केवल शिक्षण एवं अनुसंधान से ही नहीं, बल्कि करुणा, सेवाभाव और रोगियों के प्रति निस्वार्थ समर्पण से भी सुनिश्चित होती है। इसको लेकर सभी को सजग रहने की जरूरत है। केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति ने चिकित्सा शिक्षा में व्यावसायिक नैतिकता, मानवीय मूल्यों, गुरु-शिष्य परंपरा को प्रोत्साहित करने के लिए एनएमओ की सराहना की। एनएमओ में राष्ट्रीय वैचारिक टोली सदस्य और आईएमएस बीएचयू ईएनटी विभाग के प्रो.विश्वंभर सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित चिकित्सा विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील एवं मानवीय मूल्यों से युक्त नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. जेपी लाल ने कार्यक्रम की सराहना की। अध्यक्षता आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने की। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत प्रो. श्याम सुंदर को धन्वंतरी सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट शिक्षण एवं मार्गदर्शन के लिए कई शिक्षकों को ‘लोकप्रिय शिक्षक सम्मान’ प्रदान किया गया। इस दौरान प्रो. एसके तिवारी, प्रो. संजय गुप्ता, डॉ. दीपक मिश्रा, डॉ. अतुल सिंह मौजूद रहे।