हरिश्चंद्र महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। मतदान, मतगणना और निर्वाचन परिणाम 16 मई को जारी किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया आठ मई को होगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में आचार संहिता भी लागू कर दी गई है। इसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
चुनाव अधिकारी डॉ. अशोक सिंह ने बताया कि आठ मई को नामांकन के बाद नौ मई को नामांकन पत्र, दस्तावेज की जांच और वैध उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। 10 मई को नाम वापसी और अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। 16 मई को सुबह आठ से अपराह्न एक बजे तक मतदान होगा। मतगणना तीन बजे से शुरू होगी। परिणाम के बाद पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराया जाएगा। बता दें कि हरिश्चंद्र महाविद्यालय में छात्र चुनाव के लिए लगातार प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा नहीं मिलने के कारण महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव की तिथियां जारी नहीं की थीं।