प्रिंसिपल से मिल कर जताए नाराजगी, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
- फोटो : अमर उजाला
छात्र प्रशांत पांडेय की संदिग्ध हाल में हुई मौत को लेकर उसके साथी, यूपी कॉलेज व विद्यापीठ के छात्र और अभिभावक शुक्रवार की शाम सनबीम स्कूल वरुणा के गेट के सामने जलती कैंडल लेकर पहुंचे। इसके साथ ही सभी ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सभी का कहना था कि होनहार छात्र प्रशांत की हत्या की गई है। मांग की कि दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई कर पुलिस न्याय दिलाए। लगभग ढाई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद छात्रों और अभिभावकों के प्रतिनिधिमंडल से स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. अनुपमा मिश्रा ने मुलाकात की।
सभी ने कहा कि यदि मामले को लेकर लीपापोती की गई तो बड़े पैमाने पर शहर भर में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मेधावी छात्र के खोने का बहुत दुख
सनबीम स्कूल वरुणा में शुक्रवार को छात्र प्रशांत पांडेय की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद स्कूल बंद कर दिया गया। विद्यालय के शिक्षकों का कहना था प्रशांत की असामयिक मौत से सभी मर्माहत हैं।
वहीं, सनबीम शिक्षण समूह के चेयरमैन दीपक मधोक ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गुरुवार को 11 बजे के लगभग प्रशांत ने केजी सेक्शन की एक शिक्षिका के साथ दुर्व्यवहार किया। शिक्षिका ने नजरअंदाज किया तो प्रशांत ने दोबारा वही हरकत की। इस पर शिक्षिका ने प्रिंसिपल से शिकायत की।
प्रिंसिपल ने प्रशांत का पूरा विवरण लेकर आने को कहा। प्रशांत के मिलते ही शिक्षिका ने उसका नाम पूछा। न बताने पर शिक्षिका ने उसका आईडी कार्ड हाथ में लेकर नाम पढ़ने का प्रयास किया तो वह तेजी से भागा। इसी बीच प्रशांत का आईडी कार्ड शिक्षिका के हाथ में आ गया।
शिक्षिका ने वापस आने को कहा तो आता हूं कहकर वह हॉस्टल बिल्डिंग की तरफ भागा। थोड़ी ही देर में प्रिंसिपल के पास एक कर्मचारी का फोन आया कि एक बच्चा हॉस्टल बिल्डिंग से गिर गया है।
प्रशांत के घर पर सूचना देने के साथ ही उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के रेफर करने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां प्रशांत की मौत हो गई।