विश्वनाथ मंदिर की प्रस्तावित योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए शनिवार की शाम प्रभारी मुख्य कार्यपालक अधिकारी एमपी सिंह ने परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान भंडार गृह में सुधार के अलावा बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने संबंधी उपायों पर चर्चा की। गर्भगृह समेत मंदिर के अन्य सभी प्रमुख स्थानों पर निक्स के कैमरे लगाने के बारे में भी एसीईओ से उन्होंने जानकारी ली।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कर्मचारियों को कार्यशैली में बदलाव लाने की भी हिदायत दी। मंदिर विस्तारीकरण के लिए चिह्नित भवनों को खाली कराने के अलावा व्यवस्था में सुधार लाने के लिए उन्होंने आसपास के लोगों से भी बात की। बाबा के भंडार की व्यवस्था की उन्होंने जानकारी ली। कहा कि किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की जानी चाहिए। भंडार गृह की व्यवस्था और बेहतर बनाने का उन्होंने निर्देश दिया।
इसके अलावा मंदिर की दीवारों, शिखरों पर लटकते बिजली के तारों को अंडरग्राउंड कराने के लिए भी उन्होंने मशविरा किया। परिसर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीएन द्विवेदी ने उन्हें बताया कि निक्स के कैमरे लगाने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही इस पर अमल कराया जाएगा।