दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान मंगलवार की दोपहर तीन बजे बैग दुकानदार परवेज खान उर्फ चुन्नू (54) के सिर पर पत्थर गिर गया। गंभीर रूप से घायल चुन्नू को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान देर शाम चुन्नू की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, सिर में चोट लगने से खून ज्यादा निकल गया था इसलिए मौत हुई है।
मामले की सूचना मिलते ही दालमंडी और ट्रॉमा सेंटर में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा की दृष्टि से दालमंडी क्षेत्र में आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई। साथ ही बैग दुकानदार चुन्नू का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम होगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दालमंडी स्थित मरियम अस्पताल गली के नुक्कड़, जंजीरा शाह मस्जिद के पास सीके-67/21 मकान का ध्वस्तीकरण चल रहा था। इसी बीच मकान के ऊपरी हिस्से से पत्थर गिरा और बैग के दुकानदार परवेज खान उर्फ चुन्नू के सिर में जा लगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। एडीएम सिटी, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने ट्रॉमा सेंटर जाकर मामले की जानकारी ली।