500 और 1000 के पुराने नोट बंद होने के बाद बिजली विभाग को पुराने नोट लेकर बिल जमा करने की घोषणा के तीसरे दिन रविवार को आठ करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई। शहर से छह और देहात से 2 करोड़ रुपये का राजस्व आया। बिल के तौर पर पहले दिन 19 करोड़ और दूसरे दिन 5 करोड़ रुपये जमा हुए थे। नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर छुट्टी होने के बाद भी सोमवार को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक बिजली बिल जमा करने के काउंटर खुले रहेंगे।
हरहुआ स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में रविवार को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक 45 लाख रुपये कर के रूप में जमा किए गए। एआरटीओ प्रशासन अमित राजन राय ने बताया कि सोमवार को भी कार्यालय में पांच सौ और एक हजार के पुराने नोट जमा किए जाएंगे। शनिवार को 58 लाख तो शुक्रवार को दो करोड़ रुपये कर जमा किए गए थे।