वाराणसी के डीरेका स्थित अधिकारी गेस्ट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रवास के दौरान कई खामियां सामने आईं थी। एसपीजी ने रेल मंत्रालय से इसकी शिकायत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीरेका के आला अधिकारियों को रेल मंत्रालय ने नई दिल्ली तलब किया है।
इस बाबत पूछे जाने पर उप महाप्रबंधक नितिन मेहरोत्रा ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नही है। वहीं, जानकारी के लिए जब महाप्रबंधक के सीयूजी नंबर पर कॉल व एसएमएस के माध्यम से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया तो उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
काशी प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर की रात डीरेका में ठहरे थे। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो उस दौरान कई अव्यवस्थाएं सामने आईं थी। दरवाजे पर लगे डोर मैट से लेकर विद्युत अप्लायंस तक कई अव्यवस्था दिखीं।
इतना ही नहीं, गंदगी व कई और खामियां पीएम की सुरक्षा में तैनात एसपीजी को नजर आईं। एसपीजी ने इसकी शिकायत रेल मंत्रालय से की। पीएम के काशी प्रवास के दौरान इस प्रकार की लापरवाही को रेल मंत्रालय ने गंभीरता से लिया।
वहीं, दूसरी ओर कार्रवाई के डर से गेस्ट हाउस की सुविधा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार सिविल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की धुकधुकी बढ़ गई है। प्रकरण की डीरेका के अधिकारियों के बीच जबरदस्त चर्चा है और आशंका जताई गई है कि जिम्मेदार कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।