जंसा के बड़ौरा बाजार की घटना, वाहन नहीं रोकने पर बढ़ा मामला
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार में रविवार शाम यूपी 100 के पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने गोराई निवासी सपा नेता पप्पू जायसवाल को पीट दिया। सपा कार्यालय के सामने घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। कार्यकर्ताओं ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया।
पुलिसकर्मियों का कहना था कि पप्पू अपनी सूमो में अवैध शराब लेकर जा रहा था। रुकने का इशारा करने पर आगे बढ़ गया। शराब कहीं और उतार कर फिर बड़ौरा बाजार आ गया।
पप्पू जायसवाल रविवार शाम सूमो से घर से निकले थे। जंसा की ओर सूमो बढ़ी तो सुमेरापुर पुलिया के पास पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया।
आरोप है कि रुकने के बजाए पप्पू सूमो तेज रफ्तार से लेकर निकल गए और सपा कार्यालय के सामने रुके। पीछा करते हुए पीआरवी के पुलिसकर्मी पहुंचे। पप्पू से न रुकने का कारण पूछा तो बात बढ़ गई।
इसके बाद पप्पू को पुलिसकर्मी पीटने लगे। बीचबचाव के दौरान तल्ख तेवर में आए बड़ौरा के पूर्व प्रधान जसवंत यादव को भी पुलिसकर्मियों ने हद में रहने की ताकीद की। पप्पू का कहना था कि उन्हें अकारण ही पीटा गया है।
मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी।