वाराणसी के चौकाघाट दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर मनीष सिंह सोनू पर घोषित इनाम की राशि एक लाख से बढ़ाकर दो लाख रुपये करने की सिफारिश जिला पुलिस की ओर से डीजीपी से की गई है। लंका थाना अंतर्गत नरोत्तमपुर निवासी मनीष सिंह सोनू इस समय वाराणसी के अलावा मिर्जापुर और आजमगढ़ में हत्या, लूट और रंगदारी के मुकदमों में वांछित है।
28 अगस्त 2020 को चौकाघाट में दिनदहाड़े कैंट थाने के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह प्रिंस सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। सीसी कैमरों की फुटेज से शूटर के तौर पर मनीष सिंह सोनू चिन्हित हुआ था। इसके बाद उसका नाम सितंबर 2020 में मिर्जापुर के चुनार में एक कंपनी के अधिकारी से रंगदारी मांगने और हत्या के मामले में सामने आया था।
इन दोनों घटनाओं से पहले मनीष आजमगढ़ में एक सराफा कारोबारी से लूट और हत्या के मामले में वांछित था। जिला पुलिस के अनुसार, मौजूदा समय में मनीष पर 27 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। नवंबर 2020 में जैतपुरा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में बदमाश रोशन गुप्ता उर्फ बाबू उर्फ किट्टू मारा गया तो उस दौरान मनीष फायरिंग करते हुए भाग निकला था।
इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस के अनुसार मनीष मौजूदा समय में बिहार और नेपाल में ठिकाने बदल-बदल कर रहता है। इस संबंध में एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि बदमाश मनीष पर घोषित इनाम की राशि दो लाख करने के लिए शासन को सिफारिश की गई है।