फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports: बरेका के 10, कोरिया के 5 गोल्फर ने 70 स्ट्रोक वाले गोल्फ कोर्स में दिखाई डेड-हैंड तकनीक; पढ़ें खबरें

Tue, 03 Mar 2026 02:15 AM IST
वाराणसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के बरेका परिसर में गोल्फ में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है।
विज्ञापन
बरेका परिसर में गोल्फ खेलने जाते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में रविवार सुबह गोल्फरों ने 51 एकड़ में फैले 18 होल के 70 (स्ट्रोक) पार वाले गोल्फ कोर्स में मैत्री मैच खेला। इसमें बरेका के 10 और कोरिया के पांच गोल्फर ने डेड हेंड तकनीक के जरिये स्थिर और सटीक शॉर्ट लगाए। 

विज्ञापन


बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता एसके श्रीवास्तव ने अभ्यास मैच सबसे कम स्ट्रोक का प्रयोग कर विजेता बने। मैत्री मैच में सभी खिलाड़ियों ने सम यानी दो-दो खिलाड़ियों का ग्रुप बनाकर खेल में हिस्सा लिया। इसमें मनोज मांझी, संतोष सिंह, बहादुर प्रसाद, शिशिर त्यागी, राकेश कोचर, अनुज कटियार, सुनील कुमार, अनुराग गुप्ता, शिवम दुबे ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यहां के गोल्फ कोर्स में खिलाड़ी रोजाना अभ्यास करते हैं। मैच रविवार को कराए जाते हैं।  

पिछले साल बरेका ने जीता था स्वर्ण 
बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता प्रदेश का सबसे गोल्फ कोर्स रायबरेली में है जबकि प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा कोर्स वाराणसी के बरेका में हैं। यह रेलवे का पहला ऐसा गोल्फ कोर्स है जहां चार गोल्फर हैं। यहां किसी भी तरह के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा सकते हैं। इससे भविष्य में काशी में गोल्फ के खिलाड़ी बढ़ने की उम्मीद है। गत वर्ष बरेका के खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। 

गोल्फ कोर्स  की विशेषता 
  • 18 होल
  • 70 (स्ट्रोक) पार
  • 1000 पेड
  • 5 वाटर बॉडी
  • 39 सेंड बंकर
  • 51 एकड़

यूपी की महिला वाॅलीबाॅल टीम की कोच बनीं पूजा
यूपी वॉलीबॉल संघ ने यूथ नेशनल वॉलीबॉल के लिए यूपी की महिला और पुरुष टीम का कोच नियुक्त कर दिया है। वाराणसी वॉलीबॉल संघ के सचिव सर्वेश पांडेय ने बताया कि बरेका में कार्यरत नवीन राय को यूपी की पुरुष टीम का कोच नियुक्त किया गया है। यूपी की महिला टीम का कोच सिगरा स्टेडियम में वॉलीबॉल कोच पूजा यादव को बनाया गया है। सहायक कोच गाजीपुर के शेरपुर कला निवासी प्रियेश राय को बनाया है। राष्ट्रीय यूथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता 15 से 20 मार्च तक भुवनेश्वर में खेली जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों कोच मिहला व पुरुष वर्ग की टीम को अभ्यास कराएंगे। इसके लिए शिविर लगाया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय मुकाबले खेलेंगे। 

काशी के सोमारू ने मिर्जापुर के रंजीत को किया चित
तरयां प्राचीन शिवमंदिर परिसर स्थित अखाड़े पर गुलाब पहलवान स्मृति दंगल में पहलवानों ने दांव आजमाएं। इसमें उत्तर प्रदेश और बिहार से पहुंचे 60 जोड़ी कुल 120 पहलवानों ने अपने-अपने दांव पेच दिखाए। मुख्य मुकाबले में वाराणसी के सोमारू यादव ने कूल्हे से धक्का देते हुए मिर्जापुर के रंजीत पहलवान को ढांक दांव पर चित कर 21 हजार रुपये का इनामी दंगल अपने नाम किया। दंगल में 51 हजार रुपये इनाम की सबसे रोचक दंगल अयोध्या के बाबा पहलवान और भभुआ बिहार के जालिम पहलवान के बीच खेला गया। इस मुकाबले में जालिम ने बाबा को कंधे पर टांगकर धोबी पछाड़ लगाने का प्रयास किया लेकिन बाबा ने फुर्ती दिखाते हुए पीछे से पैर फंसाकर खुद को बचा लिया। अंत में कुश्ती बराबरी पर छूटी। 

विज्जी ट्रॉफी में खेल रहे बीएचयू के दो क्रिकेटर
बीसीसीआई की ओर से आयोजित विज्जी ट्रॉफी में पूर्वी क्षेत्र की टीम में बीएचयू के दो खिलाड़ियों को जगह मिली है। पहले मैच में दोनों खिलाड़ियों को प्लेइंग एकादश टीम में जगह नहीं मिली। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. वैभव राय ने उम्मीद जताई की दूसरे मैच में पूर्वी क्षेत्र का मुकाबला पश्चिमी क्षेत्र की टीम से होना है। इसमें वाराणसी के खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद है।

पूर्वी क्षेत्र की टीम में बीएचयू के आशुतोष यादव एवं दिव्यांश कुशवाहा टीम में जगह मिली है। वहीं वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन के पीपी आनंद मिश्र ने बताया कि बीसीसीआई की ओर से आयोजित यूपी की 22 सदस्यीय स्कवाड वाली रणजी टीम में वाराणसी के शुभ को जगह मिली थी। इसके बाद भी पूरे टूर्नामेंट में उन्हें एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। 

रश्मि के लगातार दो गोल से विवेक एकेडमी चैंपियन  
विवेक एकेडमी की ओर से आयोजित जिलास्तरीय बालिका हॉकी सोमवार शाम को संपन्न हुई। फाइनल में तीन राष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकीं तनु ने पहले हाफ के पांचवें मिनट में गोल कर लालबहादुर शास्त्री परमानंदपुर की टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन दूसरे हाफ के अंतिम तीन मिनट में रश्मि ने लगातार दो गोल कर विवेक एकेडमी हरहुआ की टीम को ट्रॉफी दिला दी।

आयोजन सचिव ओलंपियन राहुल सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल कांटे का हुआ। 52 मिनट तक मैच में एक भी गोल नहीं हुआ। मैच शुरू होते ही लाल बहादुर शास्त्री परमानंदपुर की फॉर्वर्ड खिलाड़ी तनु ने पहले हाफ के 5वें मिनट में गोल कर अपनी क्षमता दिखाई। 

पहले हाफ में एक गोल बढ़त हासिल करने वाली लालबहादुर शास्त्री क्लब की टीम दूसरे हाफ में बिखरती गई। विवेक एकेडमी की फॉवर्ड खिलाड़ी मधु ने वर्षा और अंशिका की मदद से तीनों ने एक एक गोल किया। खेल समाप्त होने सात मिनट पहले लेफ्ट फाॅर्वर्ड खिलाड़ी  रश्मि ने लगातार दो गोल कर हरहुआ को अजेय बना दिया। महिला वर्ग के फाइनल में विवेक ने परमानंदपुर को हराया।

बालक वर्ग का फाइनल आज
जिलास्तरीय हॉकी में बालक वर्ग का फाइनल मंगलवार को शिवपुर मिनी स्टेडियम में खेली जाएगी। बालक वर्ग का सेमीफाइनल लालपुर और विवेक अकेडमी हरहुआ की टीम के बीच खेला गया। इसमें विवेक अकेडमी ने 4-3 से जीत हासिल की। जीत के साथ विवेक अकेडमी हरहुआ की टीम फाइनल में पहुंच गई है। बालक वर्ग की ट्रॉफी के लिए हरहुआ की टीम का मुकाबला विवेक अकेडमी शिवपुर की टीम से बुधवार को होगा।

अप्रैल में होगी बनारस हॉकी लीग
बाबू आरएन सिंह बनारस हॉकी लीग का आयोजन हॉकी वाराणसी द्वारा अप्रैल माह में किया जाएगा। इस लीग में जनपद की महिला और पुरुष टीम हिस्सा लेगी। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस लीग में उसी टीम को प्रवेश दिया जाएगा जो अपनी संस्था के लेटर पैड पर लिखित अनुरोध करेंगें। खिलाड़ी के आधार कार्ड पर वाराणसी का पता दर्ज होना चाहिए। यूपी कॉलेज के आधुनिक एस्ट्रो टर्फ पर अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के आयोजन के लिए भी हॉकी वाराणसी प्रयासरत है।

दसवीं की परीक्षा दे रहे अंशु यादव ने कुश्ती में जीता पूर्वांचल अभिमन्यु का खिताब
वाराणसी। यूपी बोर्ड दसवीं की बोर्ड परीक्षा दे रहे चौबेपुर तातेपुर निवासी अंशु यादव ने पूर्वांचल अभिमन्यु का टाइटल जीता है। उन्होंने नौवीं में 80 प्रतिशत अंक भी हासिल किए थे। वह पढ़ाई और कुश्ती का अभ्यास करने के बाद समय निकालकर अपने पिता के साथ दूध बांटने का काम करते हैं। इसके बाद भी अपने कुश्ती में बेहतर दांवपेंच लगाने के लिए अखाड़े में लगातार मेहनत करते हैं।

अंशु ने यह सफलता मिर्जापुर के रुदौली में दंगल में हासिल की। अंशु ने 45 दिनों में दंगल के दो टाइटल हासिल कर अपनी प्रतिभा दिखाई। कुश्ती कोच रोशन कन्नोजिया ने बताया कि अंशु ने पिछले साल राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती में रजत पदक जीता था। इस साल 69वीं माध्यमिक स्कूली कुश्ती के प्रादेशिक प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने की वजह से राष्ट्रीय मुकाबले में नहीं खेल सके। 14 फरवरी को चंदौली में दंगल में अंशु ने पूर्वांचल बाल केशरी का पुरस्कार जीता था।
विज्ञापन

कज्जाकपुरा के गया सेठ अखाड़े में करते हैं अभ्यास 
कोच रोशन लाल कन्नौजिया ने बताया कि अंशु यादव रविंद्रपुरी के गोस्वामी तुलसी दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा दसवीं के छात्र हैं। वह इस साल बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं। वह अपने बेहतर प्रदर्शन के लिए कज्जाकपुरा के गया सेठ के अखाड़े में हर रोज दो सत्रों में अभ्यास करते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें