अधिक किराया वसूलने वाले आॅटो रिक्शा चालकों की अब खैर नहीं। ऐसे ऑटो चालकों के परमिट तो निरस्त होंगे ही उनको ब्लैकलिस्टेड भी किया जाएगा ताकि भविष्य में उन्हें दोबारा परमिट न मिलने पाए। यह निर्णय गुरुवार को कमिश्नरी कार्यालय में आयोजित संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंडलायुक्त आरएम श्रीवास्तव ने इसके लिए परिवहन और पुलिस के अधिकारियों को कड़ी ताकीद भी की। कमिश्नर ने शहर में कज्जाकपुरा से कैंट होते हुए चांदपुर तक ट्रैफिक के दबाव की जांच के लिए कमेटी भी गठित की। बताया कि यह कमेटी अपनी रिपोर्ट एक माह में देगी। इस कमेटी में सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ ट्रैफिक, अपर नगर आयुक्त और एआरटीओ होंगे।
अधिक किराया वसूलने की जांच करने के लिए परिवहन और पुलिस के अधिकारियों को अभियान चलाने का निर्देश दिया। कहा कि डीजल-पेट्रोल की कीमत कम होने के बाद भी शहर में ऑटो किराया कम नहीं होने की शिकायतें मिली हैं। अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिले तो तत्काल संबंधित ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई करें। इसमें हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में आरटीओ ब्रजेश सिंह, एसएसपी जोगेंद्र कुमार, सीडीओ विशाख जी, सीओ ट्रैफिक जया शांडिल्य, आरटीए के सदस्य दीपराज यादव शामिल रहे।