डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ आंचलिक कार्यालय से सूचना मिली थी कि बांग्लादेश सीमा के रास्ते तस्करी कर लाया गया विदेशी सोना कूचबिहार के रास्ते दिल्ली ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने डीडीयू स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी। महिला ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच बी-2 में यात्रा कर रही थी। बृहस्पतिवार की शाम डीआरआई की टीम ने सीमा शुल्क मंडल के कर्मचारियों और दो गवाहों की मौजूदगी में प्लेटफॉर्म नंबर सात पर घेराबंदी की। शाम करीब 5:30 बजे ट्रेन पहुंचते ही बी-2 कोच के सामने महिला को रोक लिया गया।
इसे भी पढ़ें; UP News: मवेशी चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल; चार गिरफ्तार
सोने की शुद्धता 99.5 प्रतिशत बताई गई, मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच होगी
अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने अपने पास सोना होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे सिगरा स्थित डीआरआई कार्यालय ले जाया गया। महिला अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। महिला के नीले पर्स, हैंडबैग और कमरबंध में काले कपड़े, अखबार में छिपाकर रखे गए सोने के टुकड़े बरामद किए गए।
सोने की शुद्धता की जांच वाराणसी के पंजीकृत सराफा पारखी मेसर्स कन्हैया लाल मुकुंद लाल सर्राफ के विशेषज्ञ से कराई गई। सोने की शुद्धता 99.5 प्रतिशत बताई गई है। महिला के पास से एक वनप्लस-7 मोबाइल फोन मिला है जिसे साक्ष्य और फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त किया गया। तलाशी के दौरान महिला के पास से 19,200 रुपये मिले हैं।