18 शहरों के प्रतिनिधियों के अलावा नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना आएंगे
- फोटो : twitter
स्मार्ट सिटी योजना को मूर्तरूप देने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर और टेक्नालॉजी से जुड़ीं मल्टीनेशनल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार के अफसरों का वाराणसी में जमावड़ा होगा। योजना में शामिल अहमदाबाद, ग्वालियर समेत 18 शहरों के प्रतिनिधि भी यहां आएंगे।
सूबे के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में स्मार्ट काशी की आधारभूत संरचना पर मंथन होगा। यह सब होगा 13 अक्तूबर से यहां आयोजित होने वाले दो दिवसीय स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में।
कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में कॉन्क्लेव का आयोजन बिजनेस वर्ल्ड मैगजीन और नगर निगम के सहयोग से किया जाएगा। कॉन्क्लेव में अब तक यहां स्मार्ट सिटी के तहत जो भी प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की गई हैं, उन सबका परीक्षण होगा।
विशेषज्ञों के सुझाव के आधार पर स्मार्ट काशी की रूपरेखा तय की जाएगी।नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि मल्टीनेशनल कंपनियों के कंसलटेंट के साथ ही शहरी विकास मंत्रालय और नगर विकास से जुड़े अधिकारी इसमें शामिल होंगे।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के लिए काशी को अब तक 321 करोड़ जारी हो चुके हैं। वहीं सिटी कमांड कंट्रोल और रोड़ जंक्शन, पार्क तथा यातायात प्रबंधन के लिए टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
कॉन्क्लेव में बुनियादी सुविधाओं का आधुनिक तकनीक से विकास कैसे किया जाए, इस पर मंथन होगा। कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए कंपनियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया गया है।