बलिया। डीपीआरओ यतेंद्र सिंह ने सोमवार को गड़वार ब्लॉक के तीन ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में लापरवाही बरतने पर डीपीआरओ ने तीनों गांव के सचिवों के साथ ही एक अवर अभियंता को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डीपीआरओ गड़वार ब्लॉक के फेफना गांव का निरीक्षण किया। यहां पंचायत भवन पर ताला लगा मिला, पंचायत भवन के प्रांगण में इंटरलॉकिंग के ऊपर बड़ी-बड़ी घास भी हुई थी। प्रधान को फोन करने पर ताला खुला। पंचायत भवन के अंदर पंचायत सहायक के लिए उपकरण क्रय नहीं किया गया था जबकि धनराशि का भुगतान किया गया है। पंचायत भवन के एक कमरे में होम्योपैथिक अस्पताल स्थापित है। डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत फेफना के ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसी क्रम में डीपीआरओ ने गड़वार ब्लॉक के चांदपुर गांव का निरीक्षण किया। गांव में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन निर्माण में काफी कमियां मिली। निर्माणाधीन पंचायत भवन में मानक के विपरीत ईंट का प्रयोग मिला और मौके पर कार्य भी बंद मिला। जबकि शासन से 31 मई तक छत की ढलाई करने का निर्देश है। सामुदायिक शौचालय का कार्य अभी आधा अधूरा ही मिला। डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत के सचिव अंशुमान सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीपीआरओ ने गड़वार ब्लॉक के ही देहलूपुर गांव का निरीक्षण किया। यहां पंचायत भवन के चिनाई का कार्य सफेद बालू से किया जा रहा था और इस बाबत प्रधान की ओर से स्पष्ट उत्तर नहीं दिया गया। मानक विहीन ईंटों का प्रयोग किया जा रहा था और निर्माण कार्य बंद मिला। निर्माण कार्य अवर अभियंता के देखरेख में हो रहा है लिहाजा डीपीआरओ ने इसके लिए अवर अभियंता को जिम्मेदार माना। डीपीआरओ ने इस मामले में देहलूपुर के सचिव अजय कुमार सरोज को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसी मामले में अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा है।